आदिल अब्दुल मेहदी ने कहा कि अत्यधिक दबाव के बावजूद देश की जनता के अपने दायित्व का निर्वाह करते रहेंगे। इराक़ के प्रधानमंत्री ने बुधवार को मंत्रीमण्डल की बैठक में देश में जारी विरोध प्रदर्शनों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इराक़ी सुरक्षाबल, प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा में व्यस्त हैं। आदिल अब्दुल मेहदी ने कहा कि कुछ अज्ञात और नक़ाबपोश लोगों द्वारा प्रदर्शनों में हिंसा फैलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार, विध्वंसक कार्यवाहियों पर ख़ामोश नहीं रह सकती।
इराक़ के प्रधानमंत्री ने बताया कि देश की वर्तमान अशांति में लिप्त होने के आरोप में गिरफ़्तार किये गए लोगों में से 2500 को स्वतंत्र कर दिया गया है जबकि 240 अन्य लोगों से पूछताछ चल रही है। ज्ञात रहे कि इराक़ में 25 अक्तूबर से प्रदर्शनों की दूसरी लहर आरंभ हुई है जो अबतक जारी है। इन विरोध प्रदर्शनों में बड़ी संख्या में लोग मारे गए हैं।